शादी के छह साल में पति से विवाद के बाद 25 बार फंदा लगाकर जान देने की धमकी देने वाली नम्रता कश्यप (28) ने शनिवार को सच में फंदा लगाकर जान दे दी। बेबस पति खिड़की से महिला के फंदा लगाने का वीडियो बनाता रहा। मामला हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के गल्लामंडी राजेनगर का है।
गल्लामंडी निवासी अनीता कश्यप ने बताया कि बेटी नम्रता की शादी 20 नवंबर 2019 को फतेहपुर के राधानगर गाजीपुर रोड निवासी नवल किशोर उर्फ राजू कश्यप से हुई थी। दोनों से तीन बच्चे विश्वास, विशाल और छह माह की दीपाली है। दामाद नवल ऑटो चलाकर राजेनगर में किराये पर कमरा लेकर परिवार संग रहने लगा।
आरोप है कि दंपती में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। इसके चलते बेटी ने छह साल में करीब 25 बार खुदकुशी की कोशिश कर चुकी थी। हालांकि, हर बार उसे समय रहते बचा लिया गया। शनिवार सुबह नौ बजे दामाद ने कॉल कर बेटी के खुद को कमरे में बंद करने की जानकारी दी। वहीं, पति के अनुसार वह आधे घंटे तक दरवाजा पीटता रहा लेकिन पत्नी नहीं मानी।
