जालौन, ललितपुर का प्रदर्शन औसत, 14 से 15 साल की किशोरियों के टीकाकरण का मिला है लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण में बुंदेलखंड क्षेत्र में झांसी सबसे आगे है। प्रदेश में झांसी पांचवें स्थान पर है। वहीं, महोबा बुंदेलखंड में सबसे पीछे और प्रदेश में 65वें पायदान पर है। झांसी मंडल के जालौन और ललितपुर में टीकाकरण की रफ्तार औसत है।
शासन ने 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने के लिए जिलेवार लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश में इस आयु वर्ग की 24,39,207 किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष अब तक 12,59,730 किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है। यह कुल लक्ष्य का 51.6 फीसदी है।
झांसी में लक्ष्य के सापेक्ष 79.4 फीसदी किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है। इसी तरह हमीरपुर में 63.7, बांदा में 60.5, जालौन में 44.2, ललितपुर में 43, चित्रकूट में 42.4 और महोबा में 33.6 फीसदी किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है।
एडी हेल्थ डॉ. आरके सोनी ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण में झांसी प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में शामिल है। जालौन और ललितपुर के अधिकारियों को भी अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अहम वैक्सीन
एचपीवी से बचाव के लिए यह वैक्सीन लगाई जाती है। एचपीवी संक्रमण आगे चलकर गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर समेत कुछ अन्य कैंसर का कारण बन सकता है। ऐसे में किशोरियों का समय पर टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।
ये है बुंदेलखंड के जिलों की स्थिति
जनपद लक्ष्य टीकाकरण प्रदेश में रैंक
झांसी 25,088 19,928 5
हमीरपुर 13,221 8,421 20
बांदा 21,753 13,153 25
जालौन 20,595 9,099 44
ललितपुर 14,747 6,347 47
चित्रकूट 11,891 5,037 49
महोबा 10,679 3,587 65
नोट : रैंक प्रदेश स्तरीय है।
