ताला काटने में इस्तेमाल इलेक्ट्रिक ग्राइंडर (कटर मशीन) बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। इलाइट चौराहा स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से इलेक्ट्रिक ग्राइंडर (कटर मशीन) बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
शहर के इलाइट चौराहा स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में कुछ दिन पहले मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था। इस मामले में शाखा प्रबंधक प्रकाश सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की थीं।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्रकाश में आए दो आरोपियों नेहरूनगर, देवगढ़ रोड निवासी अजय सिंह सरदार और अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले योजना बनाकर इलाइट चौराहे के आगे स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के ताले काटकर चोरी का प्रयास किया था। हालांकि, बैंक के अंदर कुछ नहीं मिला तो कटे हुए ताले पास की झाड़ी में फेंककर वहां से भाग गए थे। इसके बाद वे किसी बड़ी जगह चोरी करने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक इलेक्ट्रिक ग्राइंडर (कटर मशीन) बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
