झांसी। सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के खींचतान से गठबंधन को लेकर अब तक निर्णय नहीं हो सका है। यूपी में 2017 में ये दोनों पार्टियां जब गठबंधन में चुनाव लड़ीं तो झांसी की चार में से सदर सीट पर कांग्रेस और बबीना में सपा को 2012 के मुकाबले फायदा हुआ। 2022 में जब दोनों दल अलग-अलग लड़े तो सपा और कांग्रेस दोनों का जनाधार घटा। हालांकि, पिछले दोनों ही चुनावों में झांसी की किसी भी सीट पर सपा और कांग्रेस का कोई भी प्रत्याशी जीतने में सफल नहीं रहा।

झांसी सदर सीट पर 2012 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र कुमार व्यास को 17.34 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, सपा के असफान सिद्दीकी को 18.52 प्रतिशत मत हासिल हुए थे। 2017 में गठबंधन के तहत यह सीट कांग्रेस के खाते में गई और राहुल राय प्रत्याशी बने। उन्हें 21.25 प्रतिशत वोट मिले। इस तरह 2012 के मुकाबले कांग्रेस के वोट प्रतिशत में 3.91 अंक की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, बबीना सीट पर 2012 में सपा प्रत्याशी चंद्रपाल सिंह यादव को 30.69 प्रतिशत वोट मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह यादव को 6.44 प्रतिशत मत हासिल हुए थे। 2017 में गठबंधन के तहत बबीना सीट सपा के हिस्से में आई। पार्टी ने यशपाल सिंह यादव को मैदान में उतारा। उन्हें 35.01 प्रतिशत वोट मिले। यानी 2012 के मुकाबले सपा के वोट प्रतिशत में 4.32 अंक का इजाफा हुआ। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। इसका असर दोनों सीटों पर उनके प्रदर्शन में दिखाई दिया।

2022 में झांसी सदर में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल रिछारिया को 3.52 प्रतिशत वोट मिले, जबकि 2017 में पार्टी को 21.25 प्रतिशत मत मिले थे। इस तरह कांग्रेस के वोट प्रतिशत में 17.73 अंक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, बबीना में सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव को 2022 में 31.71 प्रतिशत वोट मिले। जबकि, 2017 में उन्हें 35.01 प्रतिशत मत हासिल हुए थे। इस तरह सपा के वोट प्रतिशत में 3.30 अंक की कमी आई। आंकड़े बताते हैं कि गठबंधन के दौरान दोनों सीटों पर संबंधित दलों का वोट प्रतिशत बढ़ा था और अलग-अलग चुनाव लड़ने पर घटा। हालांकि, राजनीतिक जानकारों का कहना है कि प्रत्याशी, चुनावी परिस्थितियां और मतदाताओं का रुझान भी नतीजों को प्रभावित करते हैं।

गरौठा, मऊरानीपुर में सपा को मामूली बढ़त मिली

जिले में गरौठा और मऊरानीपुर ऐसी सीटें हैं, जहां पर सपा को गठबंधन और बिना कांग्रेस के साथ चुनाव लड़े भी मामूली बढ़त मिली। 2012 में सपा को गरौठा विधानसभा में 33.72, 2017 में गठबंधन होने पर 34.29 और 2022 में 34.47 प्रतिशत वोट मिला। तीनों ही बार सपा की ओर से दीपनारायण सिंह यादव प्रत्याशी ने चुनाव लड़ा। वहीं, मऊरानीपुर में 2012 में सपा प्रत्याशी को 29.10 फीसदी, 2017 में गठबंधन में चुनाव लड़ने पर 30.89 प्रतिशत और 2022 में 31.07 फीसदी मत प्राप्त हुए। 2012 और 2017 में सपा की तरफ से रश्मि आर्य और 2022 में तिलक चंद अहिरवार ने चुनाव लड़ा।

2022 में कांग्रेस का ग्राफ गिरा

सीट 2012 2017 2022

सदर 17.34 21.25 3.52

बबीना 6.44 गठबंधन में प्रत्याशी नहीं 1.00

गरौठा 21.66 गठबंधन में प्रत्याशी नहीं 21.66

मऊरानीपुर 1.42 गठबंधन में प्रत्याशी नहीं 1.21

(नोट: आंकड़े वाेट प्रतिशत में।)

वर्जन..

2022 में भाजपा और सपा में सीधी लड़ाई का माहौल बनने से कांग्रेस का वोट प्रतिशत गिरा, लेकिन बीते निकाय चुनाव में पार्टी झांसी में दूसरे स्थान पर रही। इसके अलावा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चेहरे पर ही गठबंधन प्रत्याशी को अच्छा वोट मिला। गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों के नेतृत्व में बातचीत चल रही है।

– मनोज गुप्ता, महानगर अध्यक्ष, कांग्रेस।

कांग्रेस के साथ गठबंधन का निर्णय शीर्ष नेतृत्व को करना है। पार्टी का नेतृत्व जो भी आदेश देगा, सभी कार्यकर्ता उसी हिसाब से काम करेंगे।

– बृजेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष, सपा।



Source link