लखनऊ। गायों की सेवा और सम्मान का पर्व गोपाष्टमी मंगलवार को मनाई जाएगी। मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराना शुरू किया था। तभी से उन्हें गोपाल और गोविंद नाम से पुकारा जाने लगा। इस दिन गायों की पूजा कर उन्हें भोजन कराया जाता है और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।
कार्तिक शुक्ल अष्टमी तिथि 17 नवंबर को सुबह 4:19 बजे शुरू होकर 18 नवंबर को सुबह 6:04 बजे तक रहेगी। इस बार गोपाष्टमी पर रवि और वृद्धि योग का संयोग भी बन रहा है।
इंद्र का घमंड तोड़कर कृष्ण बने गोविंद
ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के अनुसार, पौराणिक मान्यता है कि बाल्यावस्था में भगवान श्रीकृष्ण ने माता यशोदा से गाय चराने की जिद की थी। इसके बाद नंद बाबा की अनुमति से उन्होंने गौचारण शुरू किया। एक अन्य कथा के अनुसार, गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र का घमंड तोड़ने पर श्रीकृष्ण को गोविंद नाम मिला। गोपाष्टमी पर गायों की पूजा और सेवा का विशेष महत्व है।

