लखनऊ। गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस की एसी बोगी में एक यात्री के खाने का सामान चूहों ने कुतर दिया। यात्री ने रेलवे प्रशासन से इसकी शिकायत की। इसके बाद पेस्ट कंट्रोल के लिए टीम ट्रेन में पहुंची।

गाड़ी संख्या 15018 गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-1 की सीट संख्या 70 पर सफर कर रहे यात्री अनूप सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर शिकायत दर्ज कराई कि बर्थ पर रखी पॉलिथीन में पैक खाने का पैकेट चूहों ने कुतर दिया। उन्होंने चूहों से निजात दिलाने के लिए हाउसकीपिंग स्टाफ और पेस्ट कंट्रोलर भेजने का अनुरोध किया। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम गौरव अग्रवाल ने संबंधित स्टाफ को सूचित कर समस्या निस्तारित करने का आश्वासन दिया। इसी ट्रेन के एक अन्य यात्री सचिन जोशी ने स्लीपर बोगी एस-2 में गंदे शौचालय की शिकायत की।

ट्रेनों में बढ़ रहीं शिकायतें, महीनेभर में 745 दर्ज

तेजस एक्सप्रेस हो या फिर वीआईपी ट्रेन लखनऊ मेल। ट्रेनों में खानपान, गंदगी, एसी कूलिंग ठप, जनरल यात्रियों के आरक्षित बोगियों में सफर करने से होने वाली असुविधाओं की शिकायतें दर्ज हुई हैं। बीते एक महीने में कुल 745 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें खानपान, गंदगी, एसी कूलिंग ठप होने और आरक्षित बोगियों में जनरल यात्रियों के प्रवेश जैसे मामले शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों ने अधिकतर शिकायतों के तय समय पर निस्तारण का दावा किया। हालांकि, दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण नहीं होता। उन्होंने बताया कि दिल्ली में दर्ज शिकायत का निस्तारण लखनऊ तक नहीं हो पाता। सूत्रों के अनुसार, सबसे अधिक करीब 220 शिकायतें गंदगी और पेयजल से संबंधित हैं। खानपान की 158, लेटलतीफी की 121 और एसी कूलिंग ठप होने की 59 शिकायतें भी दर्ज हुईं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *