लखनऊ। आगरा एक्सप्रेस पर एलडीए नई आवासीय योजना ला रहा है। शासन ने भी इस पर मुहर लगा दी है। करीब 1305 एकड़ की योजना में दो लाख लोगों को घर मिलेगा। योजना का नाम वशिष्ठ नगर प्रस्तावित किया गया है। इसे विकसित करने पर 1035 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा।

एलडीए अभी चार आवासीय योजनाओं पर काम कर रहा है। इनमें सुल्तानपुर रोड पर आईटी सिटी और वेलनेस सिटी योजना है। इसके अलावा सीतापुर रोड पर नैमिष नगर और आगरा एक्सप्रेसवे पर वरुण विहार योजना को लॉन्च किया जाना है। चारों योजनाओं में करीब 10 लाख की आबादी को आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। नई आवासीय योजना आगरा एक्सप्रेसवे पर वरुण विहार के सामने वाली सड़क की दूसरी पट्टी पर प्रस्तावित है। इसमें छह गांव रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इंदवारा, बहरू और जलियामऊ शामिल हैं।

आपसी सहमति से ली जाएगी जमीन

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण के तहत लाई जा रही इस योजना पर एक हजार करोड़ से रुपये से अधिक का बजट खर्च होगा। शासन ने पहली किस्त के तौर पर करीब 300 करोड़ रुपये का बजट पास भी कर दिया है। इस योजना में भी वरुण विहार की तरह किसानों से आपसी सहमति पर जमीन खरीदी जाएगी। ऐसे में एलडीए को जमीन अधिग्रहण नहीं करना पड़ेगा।

अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल भी बनेगा

नई योजना में भूखंड की कीमत वरुण विहार की तरह करीब 2500 रुपये प्रति वर्गफीट रहेगी। एलडीए का कहना है कि हैदर कैनाल पर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बन जाएगा तो योजना से आना-जाना आसान हो जाएगा। हजरतगंज से वरुण विहार का सफर 20 मिनट में पूरा हो जाएगा, जिसे तय करने में अभी 50 मिनट तक लग जाते हैं। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि वशिष्ठ नगर योजना आगरा एक्सप्रेसवे, मोहान रोड, लिंक एक्सप्रेसवे तथा वरुण विहार योजना जैसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर से सीधे जुड़ेगी। इससे उद्योग, वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स एवं परिवहन क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। योजना में अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल भी विकसित किया जाएगा। आने वाले समय में यह योजना गोमतीनगर को टक्कर देगी।

जल्द लॉन्च की जाएंगी दो योजनाएं

एलडीए सीतापुर रोड पर नैमिष नगर और आगरा एक्सप्रेसवे स्थित वरुण विहार योजना जल्द लॉन्च करने की तैयारी कर चुका है। सिर्फ मुख्यमंत्री से समय मिलने का इंतजार है। प्रथमेश कुमार ने बताया कि दोनों योजनाओं का रेरा में पंजीकरण हो चुका है। ऐसे में लॉन्च करने में कोई कानूनी अड़चन नहीं है। इन दो योजनाओं में करीब चार लाख लोगों को आवासीय सुविधा का लाभ मिलेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *