लखनऊ। कक्षाओं से निकलकर जब विद्यार्थियों ने प्रयोगशालाओं में शोध को करीब से देखा तो विज्ञान को समझने का नजरिया भी बदला। सीएसआईआर के 85वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीडीआरआई) में आयोजित ओपन डे में 32 विद्यालयों व महाविद्यालयों के करीब 1200 विद्यार्थियों और 50 से अधिक शिक्षकों ने हिस्सा लिया। लखनऊ के साथ सीतापुर, बाराबंकी, कानपुर और उन्नाव के विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल, क्विज, हिंदी तात्कालिक भाषण, प्रदर्शनी, प्रयोगशाला भ्रमण और वैज्ञानिकों से संवाद में हिस्सा लिया। विज्ञान मॉडल में कैप्टन मनोज कुमार पांडेय उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल के अनुभव कुमार व आयुष कुमार प्रथम रहे। क्विज में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, वृंदावन योजना की रिया यादव व वत्सल शर्मा और हिंदी तात्कालिक भाषण में सेठ एमआर. जयपुरिया स्कूल की मांडवी नारायण व श्री सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने औषधि अनुसंधान, स्वास्थ्य और वैज्ञानिक प्रयोगों को भी करीब से समझा।
