लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे की मदद करने वाले तीन अन्य लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है। इन लोगों पर श्रद्धा को होटल में कमरा दिलाने से लेकर नेपाल पहुंचाने तक में मदद करने का संदेह है। पुलिस इनकी भूमिका की जांच कर रही है। साक्ष्य मिलने पर इनके नाम भी मुकदमे में शामिल किए जा सकते हैं।
डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, श्रद्धा को फरार होने में मदद करने वाले आमिर के अलावा तीन अन्य लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि किसने और किस स्तर पर उसकी मदद की। जांच के आधार पर जल्द कार्रवाई की जा सकती है।
उधर, पुलिस ने शिवा की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट करने के लिए घटनास्थल का क्राइम सीन रीक्रिएशन करने के लिए फोरेंसिक विभाग को पत्र भेजा है। इंस्पेक्टर हजरतगंज शिवानंद मिश्र ने भी इसकी पुष्टि की है।
डीसीपी ने बताया कि फोरेंसिक विभाग से समय मिलने पर इसी सप्ताह घटनास्थल का रीक्रिएशन कराया जा सकता है। शिवा की मां रंजना को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोगों की भूमिका और शिवा की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट करने में मदद मिलेगी।
आरोपियों के बयानों में विरोधाभास
शुरुआती जांच में पता चला कि घटना के समय फ्लैट में शिवा, श्रद्धा, रश्मि और नौकरानी मौजूद थीं। श्रद्धा और रश्मि ने पुलिस को बताया कि वे अलग कमरे में थीं, जबकि शिवा दूसरे कमरे में था। इसके उलट, नौकरानी ने दावा किया कि श्रद्धा और रश्मि भी उसी कमरे में मौजूद थीं, जहां शिवा था। बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद पुलिस अब नौकरानी के बयान के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। आरोपियों के बयानों का पड़ोसियों के बयान और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिलान किया जाएगा।
