लखनऊ। एलडीए की बोर्ड बैठक सोमवार को प्राधिकरण सभागार में होगी। इसमें भूखंड आवंटन से लेकर उद्योगों को जमीन देने आदि सहित कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगेगी। एलडीए ने शहर की सूरत बदलने के लिए करीब 1,932 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का रोडमैप भी तैयार किया है।
बोर्ड बैठक में शहर के विस्तार और विकास के साथ उद्योगों को बढ़ावा देने से जुड़ा अहम प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके तहत वरुण विहार, वशिष्ठपुरम, नैमिष नगर, आईटी सिटी और वेलनेस सिटी में कंपनियों और संस्थाओं को आवासीय दर से करीब 40 फीसदी सस्ती जमीन देने पर निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए बल्क सेल नीति लागू होगी। वरुण विहार के पास एमएसएमई को कौशल विकास के लिए 50 एकड़ और अनंतनगर में एआई सिटी के लिए 60 एकड़ जमीन दी जाएगी।
आईटी सिटी में किसानों की रजिस्ट्री शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री सौमित्र विहार योजना की लॉन्चिंग के साथ किसानों को कब्जा पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा नेहरू एंक्लेव के पास खाली जमीन पर वॉर म्यूजियम बनाने, नैमिषनगर फेज-2 के लेआउट की मंजूरी, बसंतकुंज में मंडी समिति को 20 एकड़ जमीन देने आदि के प्रस्तावों पर भी बैठक में चर्चा होगी।
इसमें एक व्यक्ति को एलडीए के दो भूखंड खरीदने की सुविधा देने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक रखा जाना था। आवंटन नियम में बदलाव पर बोर्ड की मंजूरी लेने की तैयारी एलडीए अधिकारियों ने की थी। हालांकि सदस्यों की आपत्ति के बाद इसे बैठक के एजेंडे से हटा दिया गया।

