दो विषय में फेल या गैरहाजिर रहे विद्यार्थियों को मिला पास होने का मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। मदरसा बोर्ड की सेकेंडरी (मुंशी-मौलवी), सीनियर सेकेंडरी (आलिम), कामिल और फाजिल की परीक्षाओं में फेल होने वाले छात्र-छात्राओं की कम्पार्टमेंट परीक्षा का परिणाम 15 अक्टूबर को आने की उम्मीद है। बोर्ड ने दो विषय में फेल होने या गैर हाजिर रहने वाले विद्यार्थियों को पास होने का मौका दिया है। कम्पार्टमेंट परीक्षा में 557 छात्र-छात्राएं शामिल हुई हैं।
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षाओं में इस बार कुल 1,41115 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 1,14,723 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षाओं में 1,01602 परीक्षार्थी पास हुए जबकि 13121 परीक्षार्थी फेल हो गए। वहीं, तमाम छात्र-छात्राएं किन्ही वजहों से सभी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाए थे। मदरसा बोर्ड ने विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए इस साल दूसरी बार कम्पार्टमेंट परीक्षाएं संपन्न कराई। इसमें उन्हीं परीक्षार्थियों को शामिल होने का मौका दिया गया, जो अधिकतम दो विषय में फेल हुये है या दो विषय में किसी कारणवश गैर हाजिर रहे हैं। परीक्षाओं में 691 आवेदकों में 557 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 134 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नही दी। मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार आरपी सिंह ने बताया कि सेकेंडरी (मुंशी-मौलवी), सीनियर सेकेंडरी (आलिम), कामिल और फाजिल की कम्पार्टमेंट परीक्षाओं का मूल्यांकन का काम तेजी से किया जा रहा है। 15 अक्टूबर तक रिजल्ट जारी करने की तैयारी चल रही है।
