लक्ष्मीपुर। क्षेत्र के ग्राम अमवा में शनिवार को प्राचीन शिवमंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच निकली इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष से पूरा गांव शिवमय हो उठा।


कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। महिलाएं मंगलगीत गाते हुए चल रही थीं, वहीं पुरुष श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। यात्रा के दौरान गांव की गलियों में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरे आयोजन में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर के व्यवस्थापक दिनेश शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से प्राचीन शिवमंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।



Source link