मुहम्मदाबाद। डकोर कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गांव में सोमवार को खलिहान के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार तेज धूप और भीषण गर्मी के चलते उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि संभवता प्यास और कमजोरी के कारण उसकी हालत बिगड़ गई होगी। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक की पहचान बंधौली निवासी बृजपाल अहिरवार (45) के रूप में हुई है। बताया गया कि चौधरी मोहल्ला जाने वाली गली के पास खलिहान क्षेत्र में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पड़ा देखा। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने बताया कि बृजपाल करीब तीन दिन पहले घर से लापता हो गया था। लंबे समय तक उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अचानक गांव में उसका शव मिलने से परिवार स्तब्ध है। पिता डालचंद्र आंखों से दिव्यांग बताए जा रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार पहले से ही परेशानियों से जूझ रहा था और अब इस घटना ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
