One person sentenced to 10 years in a case involving the rape of a minor



मऊ। विशेष न्यायाधीश छागुर राम ने नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म करने व धमकी देने के मामले में शाहिद उर्फ इशरारुल हक को सुनवाई के बाद दोषी पाया। उसे 10 वर्ष की सजा के साथ ही कुल 21 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया है। मामला कोपागंज थाना क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार वादी मुकदमा की नाबालिग लड़की के साथ आरोपी ने 29 अक्तूबर 2021 की शाम दुष्कर्म किया तथा उसे धमकी दी। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके विवेचना की। कोपागंज थाना क्षेत्र के बलुआ कुर्थीजाफर निवासी शाहिद उर्फ इशरारुल हक के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया। न्यायालय में अभियोजन की ओर से पैरवी करते हुए विशेष लोक अभियोजक ने 7 गवाहों को न्यायालय में पेशकर अभियोजन का पक्ष रखा। बचाव पक्ष से कहा गया कि उसे झूठा फंसाया गया है। विशेष न्यायाधीश ने दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने तथा पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद शाहिद उर्फ इशरारुल हक को नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने व धमकी देने के मामले में दोषी पाया। दोषी पाए जाने के बाद से पॉक्सो एक्ट के तहत 10 वर्ष के सजा के साथ ही 10 हजार रुपये अर्थदंड लगाया। वहीं दुष्कर्म के मामले में 10 वर्ष की सजा के साथ ही 10 हजार रुपये अर्थदंड लगाया। साथ धमकी देने के मामले में एक वर्ष की सजा के साथ एक हजार रुपये अर्थदंड लगाया।




Source link