छठ महापर्व के समापन के बाद कामकाज पर लौटने वालों की भीड़ रविवार को रेलवे स्टेशनों पर उमड़ पड़ी। प्रयागराज जंक्शन, छिवकी और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों का दबाव बना रहा। प्रयागराज से गुजरने वाली और यहां से बनकर चलने वाली प्रमुख ट्रेनें यात्रियों से ठसाठस रहीं। दिल्ली, मुंबई और गुजरात रूट की ट्रेनों में लंबी वेटिंग के साथ कई श्रेणियों में नो रूम की स्थिति बन गई। हालात यह रहे कि कंफर्म टिकट मिलना तो दूर, कई ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हो सके।

रविवार को सबसे ज्यादा मारामारी दिल्ली रूट की ट्रेनों में रही। प्रयागराज एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस और स्लीपर वंदे भारत जैसी प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग रही। वहीं, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और महाबोधि एक्सप्रेस के स्लीपर, एसी थ्री और एसी टू श्रेणी में भी नो रूम की स्थिति बन गई। इन ट्रेनों में वेटिंग टिकट मिलना भी बंद हो गया।

दिल्ली के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस यात्रियों से पूरी तरह पैक रही। प्रयागराज-लालगढ़ सुपरफास्ट में भी लंबी वेटिंग के चलते जनरल और स्लीपर कोच में जगह पाने के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ी। आरक्षण केंद्रों और ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर अगले कई दिनों तक दिल्ली रूट की प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म बर्थ उपलब्ध नहीं हैं। मुंबई और गुजरात जाने वाली ट्रेनों में भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है।

जनरल कोच में चढ़ने के लिए लगी कतार

प्रयागराज जंक्शन पर शाम होते-होते यात्रियों की भीड़ और बढ़ गई। प्रयागराज एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होने के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों की लंबी कतार लग गई। ट्रेन के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफार्म पर जुट गए। छठ के बाद एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के लौटने से रेलवे स्टेशनों पर भीड़ का दबाव रहा।



Source link

अभी अभी की खबरें