– दूसरे चरण में सरकारी कॉलोनियों, उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगाए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बिजली विभाग सितंबर से प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाना शुरू कर देगा। सबसे पहले सरकारी दफ्तरों में ये मीटर लगाए जाएंगे। दूसरे चरण में सरकारी कॉलोनियों, उद्योगों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में ये मीटर लगेंगे।
बिजली विभाग के मुख्य अभियंता सैयद अब्बास रिजवी ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्री-पेड मीटर लगाए जाएंगे। इनके लगने से न सिर्फ पूरी तरह बिजली चोरी रुकेगी। बल्कि, उपभोक्ता को भी काफी सहूलियत मिलेगी। उपभोक्ताओं की बिजली के बिल गलत आने की शिकायतें भी खत्म हो जाएंगी। खास बात ये है कि यदि कोई उपभोक्ता कई दिनों के लिए बाहर जाता है, तो उसके मीटर से भी कोई बिजली चोरी नहीं कर सकेगा। प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाने का काम सितंबर से शुरू होगा। सबसे पहले प्री-पेड स्मार्ट मीटर सरकारी कार्यालय में लगाए जाएंगे।
इसके बाद सरकारी आवासीय कॉलोनियों में मीटर लगेंगे। उद्योगों और फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर इन्हें लगाया जाएगा। फिर घरेलू उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। मुख्यालय से मिले दिशा-निर्देशा के अनुसार मीटर लगाने की कार्ययोजना बनाई है।
