रायबरेली। डलमऊ में 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले में श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को अपराह्न दो बजे से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। तीन दिनों तक बसें चलाई जाएंगी। डलमऊ मार्ग पर 50 बसें और लालगंज-गेगासों के बीच चार बसें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा डलमऊ में शटल सेवा के लिए भी चार बसें लगाई गई हैं। डलमऊ के सरायं दिलावर और मौहारी बाग में अस्थायी बस स्टेशन बनाए गए हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर हर साल डलमऊ में ऐतिहासिक मेला लगता है। गंगा स्नान के लिए सबसे अधिक श्रद्धालु डलमऊ के घाटों पर पहुंचते हैं। इस साल 24 नवंबर को शाही स्नान होगा। जिले के अलावा अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, बाराबंकी और फतेहपुर समेत कई जिलों से श्रद्धालु यहां गंगा स्नान के लिए आते हैं। इसे देखते हुए परिवहन निगम ने 50 बसों की व्यवस्था की है, जबकि 10 बसों को रिजर्व रखा गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों से भी बसों के संचालन की कार्ययोजना बनाई गई है। सेहंगो-बछरावां-रायबरेली होते हुए बसें डलमऊ पहुंचेंगी। तिलोई से चलने वाली बसें भी कई कस्बों से होकर डलमऊ आएंगी। बाराबंकी के हैदरगढ़ से भी बसें लगाई गई हैं। डलमऊ पहुंचने से पहले सरायं दिलावर गांव के पास अस्थायी बस स्टेशन बनाया गया है।

जिले के ग्रामीण मार्गों के अलावा डिपो की बसें लखनऊ, कानपुर, सुल्तानपुर, अमेठी और बाराबंकी समेत अन्य जिलों से भी डलमऊ पहुंचेंगी। डलमऊ में चार बसें शटल सेवा में लगाई गई हैं, जबकि चार बसें लालगंज से गेगासों के बीच चलेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों के भीरा, रामपुर, सेमरौता, निसगर, भोजपुर, परशदेपुर, सलोन, धरई, माझगांव, तिलोई, धीरनपुर, विशुनदासपुर, खीरों और लालगंज समेत प्रमुख कस्बों को भी बस सेवा से जोड़ा गया है।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आदित्य प्रकाश ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। सोमवार को अपराह्न दो बजे से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।



Source link