आगरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली अंडर-25 महिला वर्ग की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए आगरा के जिला एवं मंडलीय चयन ट्रायल एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि सभी ट्रायल सुबह 10 बजे से होंगे। चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में आगरा मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
क्रीड़ाधिकारी के अनुसार तैराकी और टेबल टेनिस के जिला स्तरीय ट्रायल 17 जुलाई व मंडलीय ट्रायल 18 जुलाई को होंगे। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 21 व 22 जुलाई को सिद्धार्थनगर में आयोजित होगी। बास्केटबाॅल और हैंडबाॅल के जिला ट्रायल 23 जुलाई व मंडलीय ट्रायल 24 जुलाई को होंगे। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 27 से 29 जुलाई तक बरेली में आयोजित की जाएगी।
कबड्डी और जिम्नास्टिक के जिला ट्रायल 31 जुलाई व मंडलीय ट्रायल 1 अगस्त को होंगे। इन खेलों की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 4 व 6 अगस्त को आगरा में आयोजित होगी। खो-खो और वॉलीबाॅल के जिला ट्रायल 6 अगस्त व मंडलीय ट्रायल 7 अगस्त को होंगे। इनकी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 11 से 13 अगस्त तक जौनपुर में प्रस्तावित है।
टेनिस और हॉकी के जिला ट्रायल 17 अगस्त व मंडलीय ट्रायल 18 अगस्त को होंगे। इनकी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 20 से 22 अगस्त तक अयोध्या में आयोजित होगी। एथलेटिक्स और बैडमिंटन के जिला ट्रायल 20 अगस्त व मंडलीय ट्रायल 21 अगस्त को होंगे। इनकी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 24 व 25 अगस्त को प्रयागराज में होगी।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिला खिलाड़ियों की आयु 31 दिसंबर 2026 को 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने साथ नगर निगम की ओर से जारी जन्मतिथि प्रमाणपत्र अथवा आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
