शाहजहांपुर जनपद में बजाज ग्रुप की मकसूदापुर स्थित चीनी मिल के सीजनल गन्ना ग्रामसेवक मनोज गंगवार (45 वर्ष) की रविवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। डीएम को संबोधित सुसाइड नोट मिलने पर मनोज की पत्नी नीरज ने बंडा थाने में बजाज ग्रुप के अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। इसमें एमडी अजय शर्मा, यूनिट हेड भूपेंद्र सिंह और बजाज शुगर हिंदुस्तान लिमिटेड प्रबंधन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है।
भंवरखेड़ा जिगनिया गांव के मनोज चीनी मिल में वर्ष 2010 से सीजनल स्थायी श्रेणी में कार्यरत थे। पत्नी नीरज बच्चों को पढ़ाने के लिए पिछले कुछ समय से पीलीभीत के बीसलपुर कस्बे में रह रहीं थीं। वहां वह साप्ताहिक छुट्टी वाले दिन ही जाते थे। सोमवार सुबह करीब सात बजे पत्नी ने उन्हें कॉल की, मगर रिसीव नहीं हुई। इस पर पत्नी नीरज ने मनोज के पड़ोसी मदन को फोन कर पता लगाने के लिए कहा। घर का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर मदन दीवार फांदकर अंदर पहुंचे तो मनोज मृत हालत में पड़े मिले। नीरज के मुताबिक मदन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शव के पास खून की उल्टी मिली और उनकी शौच में भी खून दिखा है।
यह पता चलने पर नीरज पुत्री सृष्टि और पुत्र सक्षम के साथ घर पहुंचीं। इस बीच सूचना पर पुलिस भी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंच गई। वहां मिले सुसाइड नोट में मनोज ने चीनी मिल के एमडी अजय शर्मा और यूनिट हेड भूपेंद्र सिंह पर परेशान करने और नौकरी से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है।