हरियाणा के पानीपत से घर लौट रहे खैराबाद के तुर्कपट्टी निवासी परवेज अहमद (19) का शव रविवार सुबह मैगलगंज में बाबा ढाबे के पीछे खेत में मिला। परिजनों का आरोप है कि परवेज के पास मौजूद नया मोबाइल फोन, 12 हजार रुपये और बैग गायब हैं। उन्होंने लूटपाट के बाद हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
पुलिस के अनुसार, परवेज अहमद पुत्र शकील अहमद पानीपत की एक फैक्टरी में सिलाई का काम करता था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह पानीपत से रोडवेज बस में सवार होकर घर के लिए निकला था। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे बस मैगलगंज कस्बे के बाहर स्थित बाबा ढाबे पर रुकी। इस दौरान परवेज शौच के लिए ढाबे के पीछे खेत में चला गया। कुछ देर बाद वह अचानक गिर पड़ा। उसे गिरा देखकर ढाबा कर्मचारियों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे महोली सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसकी मौत की पुष्टि की।
भोर में पुलिस ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। पिता शकील अहमद सीएचसी पहुंचे तो बेटे का शव वहां मिला। उन्होंने बताया कि घर में भतीजे की शादी थी। परवेज उसी में शामिल होने के लिए लौट रहा था। पिता के मुताबिक, उसके पास नया मोबाइल फोन, करीब 12 हजार रुपये नकद और एक बैग था, जो अब नहीं मिला। उन्होंने आशंका जताई कि रास्ते में लूटपाट के बाद बेटे की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शादी की तैयारियों के बीच मातम छा गया।
महोली सीएचसी के चिकित्सक मोहित पाल ने बताया कि मैगलगंज पुलिस सीएचसी पहुंची थी और पोस्टमार्टम से संबंधित दस्तावेज एकत्र किए थे। सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर ब्रेन हेमरेज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
