यूपी के सीतापुर में नगर पंचायत हरगांव के जहांगीराबाद वार्ड स्थित काशीराम कॉलोनी के सामने भीमताल परियोजना का 10 करोड़ से विकास किया जाएगा। कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने पूजन अर्चन व नारियल फोड़कर परियोजना का शुभारंभ किया।
इस मौके पर कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों व ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। भीमताल के निर्माण से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे हरगांव की पहचान और मजबूत होगी।
निर्माण कार्य तेजी से जारी है
वहीं, नगर पंचायत हरगांव के अध्यक्ष गफ्फार खान ने बताया कि भीमताल परियोजना के लिए प्रदेश शासन से लगभग 10 करोड़ रुपये का बजट मांगा था। इसमें प्रथम चरण में दो करोड़ चालीस लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसे समय से पूरा कराया जाएगा।
क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा
अधिशाषी अधिकारी श्रीश मिश्र ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद यह स्थल क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। तालाब के आसपास सौंदर्यीकरण व अन्य सुविधाओं का भी विकास कराया जाएगा।
इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश वर्मा, उदित बाजपेई, अलियार खान, धीरेन्द्र सिंह, उमेश कुमार, प्रकाश सिंह, दिनेश मिश्रा सहित गणमान्य नागरिक व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
