निजामुद्दीन से भोपाल जा रही वंदे भारत की एग्जिक्यूटिव क्लास में यात्रा के दौरान सीट को लेकर बृहस्पतिवार को बबीना विधायक और दो यात्रियों में विवाद हो गया। झांसी स्टेशन पर ट्रेन आने पर विधायक समर्थक भी पहुंच गए। विधायक समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगा है। वहीं, विधायक की ओर से भी जीआरपी थाने में तहरीर दी गई है। मामले को लेकर एमपी के पूर्व मंत्री ने भी ट्वीट किया है।
Trending Videos
बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी कमली सिंह और बेटे श्रेयांश सिंह के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस की एग्जीक्यूटिव क्लास के कोच ई-2 में यात्रा कर रहे थे। उनकी सीट ई2/8 थी। जबकि, पत्नी सीट नंबर 50 और बेटे 51 नंबर पर बैठ थे। विधायक ने बताया कि सीट नंबर 49 और 52 पर बैठे यात्री यात्रा के दौरान आपत्तिजनक स्थिति में पैर फैलाकर बैठे थे और भोजन कर रहे थे। उन्होंने एक यात्री से उनकी सीट में आकर बैठने के लिए कहा। ताकि, वह अपने परिवार के साथ बैठ सकें। इस पर यात्री उनसे बहस करने लगे और अशोभनीय भाषा का भी प्रयोग किया। उनके गनर ने टोका तो उसे वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे। यह व्यवहार अत्यंत असहज करने वाला था। स्थिति को शांत करने के लिए वह कुछ समय के लिए कोच की गैलरी में चले गए। दोनों यात्रियों को लगा कि वह फोन पर उनकी शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद दोनों यात्री बाहर आकर उनसे बहस करने लगे।
विधायक ने कहा कि इससे न सिर्फ उनकी यात्रा बाधित हुई। बल्कि, उन्हें और परिवार को मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ा। ट्रेन के झांसी आने पर आरपीएफ, जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए। वहीं, उसी कोच में यात्रा कर रहे मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने इस घटना को लेकर ट्वीट भी किया है और वंदे भारत में एग्जीक्यूटिव क्लास में सीट नंबर 50 पर बैठे एक व्यक्ति के साथ बाहर से आए सात-आठ लोगों द्वारा यात्री के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। इससे यात्री के चोटिल होने की बात कही गई है। यात्री का नाम राजप्रकाश बताया जा रहा है। हालांकि, विधायक ने मारपीट की घटना से इन्कार किया है। उनका कहना है कि वह पत्नी और बच्चे के साथ ट्रेन से उतरकर बाहर निकल आए थे। वहीं, जीआरपी इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बबीना विधायक की ओर से तहरीर दी गई है।
एमपी कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर लगाए आरोप
मध्य प्रदेश के कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने इस घटना का वीडियो भी शेयर किया है। इसमें लिखा है कि वंदे भारत ट्रेन में बुजुर्ग यात्री ने 49 नंबर सीट एक्सचेंज करने से इंकार किया। इस पर बबीना विधायक के समर्थकों ने झांसी स्टेशन पर पीटा। यात्री के नाक से खून निकल आया। ये है सुशासन की असलियत