डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय संबद्ध कॉलेजों में शैक्षणिक मानकों का ऑडिट करा रहा है। इसके आधार पर कॉलेजों की एबीसी कैटेगरी तय की जाएगी। मानकों की कमी मिलने पर उनको सुधार के लिए निर्देशित किया जाएगा। इसमें सभी का विवरण ऑनलाइन होगा।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कॉलेज में शैक्षणिक सुधार के लिए एबीसी फार्मूला देकर गई थीं। उन्होंने कॉलेजों में शैक्षणिक संसाधनों की रिपोर्ट बनाने के लिए कहा। मानकों के आधार पर ए, बी और सी कैटेगरी बनाने के लिए निर्देश दिए थे। बेहतर मानक वालों को ए, उससे कम वालों को बी और 50 फीसदी से कम मानकों वाले कॉलेजों को सी श्रेणी में रखने के निर्देश दिए थे।
कुलाधिपति के निर्देश पर विश्वविद्यालय से संबद्ध 576 कॉलेजों का विवरण जुटाया जा रहा है। कुलसचिव अजय मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के शैक्षणिक मानकों का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। इसी के आधार पर आगे की कार्ययोजना बनेगी।
इन बिंदुओं पर बन रही है रिपोर्ट
– कॉलेज का नाम, पता, शहर-देहात क्षेत्र, कितनी जगह में बना।
– संचालित पाठ्यक्रम, शिक्षकों की संख्या, छात्रों की संख्या।
– खेल का मैदान, पुस्तकालय, इनमें पुस्तकों की संख्या।
– प्रयोगशाला, शिक्षक-विद्यार्थी के शोध, प्रकाशित शोध।
– कॉलेजों मेें खेलकूद की स्थिति, विजयी प्रतिभागियों का विवरण।
