देश भर के तकनीकी शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) और अन्य भर्ती परीक्षाओं की भांति राज्य स्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में भी उत्तर कुंजी जारी करने की तैयारी है। अगले साल इस नई कवायद को पूरा किया जा सकता है। उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को तैयारी के निर्देश दिए हैं।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने मंगलवार को बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी किया है। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव एमपी अग्रवाल ने कहा कि परीक्षा परिणाम को और बेहतर बनाने के लिए कवायद की जानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जैसे जेईई में प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी कर आपत्ति ली जाती है वैसे बीएड प्रवेश परीक्षा में भी लागू किया जा सकता है। 

इसमें छात्रों से आपत्ति लेकर उत्तर कुंजी में आवश्यक सुधार करके फाइनल परिणाम जारी किया जा सकेगा। उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को अगले साल इस नई कवायद पर काम करने का सुझाव दिया है जिसे विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने सहर्ष स्वीकार भी किया। उच्च शिक्षा विभाग की यह कवायद रंग लाती है तो यह पारदर्शिता को बढ़ावा देने वाली होगी। शिक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि बीएड की तरफ छात्रों का रुझान फिर बढ़ा है।

तो अगले साल भी बुंदेलखंड विवि के पास रहेगी जिम्मेदारी

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पास लगातार चार साल से राज्य स्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी है। उसके द्वारा परीक्षा में किए गए नवाचार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने भी खूब सराहा है। वहीं प्रमुख सचिव द्वारा विवि को नई तैयारी का निर्देश देकर कहीं न कहीं इशारा किया गया है कि अगले साल 2027 में भी प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी उसके पास ही रहेगी।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *