आगरा में नीट की तैयारी कर रहे छात्र के दोस्तों ने ब्लैकमेलिंग की साजिश रच डाली। स्मारक में ले जाकर साथ लाया तमंचा पकड़ा दिया। तमंचा लिए हुए वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने लगे। हर सप्ताह 5 हजार रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। छात्र के पिता ने एत्माद्दौला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एत्माद्दौला क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनका पुत्र नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा है। पूर्व में आशु सहित कई दोस्त थे। 25 मई को खुद को बेटे का दोस्त बताने वाले आशु, हनी और संभव घर आए। बेटे से मिलने की कहकर मोबाइल नंबर ले गए। इसके बाद बेटे को अपने साथ ले गए। चीनी का रोजा स्मारक में ले जाकर उसे तमंचा पकड़ाकर वीडियो बना लिया।
इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए सचिन से हर हफ्ते 5 हजार रुपये देने की मांग की। डर के कारण सचिन ने मौके पर 800 रुपये दे दिए। 29 मई को दोपहर करीब 12:30 बजे संभव ने दोबारा फोन कर रंगदारी मांगी और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी एत्माद्दौला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
