गजनेर थाना क्षेत्र के जसवापुर के पास से निकली नोन नदी के नाले में बुधवार दोपहर मछली पकड़ रहे युवकों को मिसाइल की तरह दिखने वाला एक मोर्टार सेल पड़ा मिला। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं। चारों तरफ घेराबंदी कर जांच शुरू की। वहीं, झांसी से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है। देर रात तक पुलिस जांच में जुटी रही।
गजनेर-रायपुर सड़क पर जसवापुर के पास बने पुल के नजदीक गिरने वाले नाले में बुधवार दोपहर ढाई बजे के करीब कुछ लड़के मछली पकड़ रहे थे। इस दौरान गड्ढे में उन्हें कीचड़ में मोर्टार सेल पड़ा दिखा। इसकी जानकारी युवकों ने गांव के लोगों को दी। इधर गांव के अनिल ने संदिग्ध वस्तु मिलने की जानकारी डायल 112 पर पुलिस को दी। मिसाइल की तरह दिखने वाली वस्तु के मिलने की जानकारी पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। कुछ देर बाद गजनेर थाना पुलिस के साथ सीओ अकबरपुर संजय सिंह, फोरेंसिक टीम पहुंचीं।
