आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी एक युवती शनिवार सुबह गांव के बाहर स्थित हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गई। युवती को इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। थाना पुलिस भी पहुंच गई। 3 घंटे चले शोले फिल्म जैसे हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने टावर पर चढ़ी युवती को नीचे उतारा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। अपनी मांग पूरी करवाने के लिए उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। टावर पर चढ़कर युवती काफी देर तक रोती रही और नीचे उतरने को तैयार नहीं थी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से उसे समझाना शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों की करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवती के सकुशल नीचे आने पर पुलिस और परिजन ने राहत की सांस ली।
पाॅक्सो एक्ट में जेल जा चुका है प्रेमी
बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पिछले तीन-चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। लगभग एक साल पहले जब परिजन को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने लड़के पक्ष के सामने इसका विरोध जताया। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी, जिसमें पहले तो लड़का पक्ष शादी के लिए राजी हो गया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद वे अपनी बात से मुकर गए। लड़के पक्ष के मुकरने पर लड़की वालों ने शमसाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने पाॅक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक को जेल भेज दिया था।
युवक करीब दो महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया है। युवती अब भी उसी युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी है, लेकिन युवक के दोबारा मना किए जाने पर आहत होकर उसने हंगामा किया। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस युवती की काउंसलिंग कर रही है।
