बालिका से दुष्कर्म के आरोपी का शव रविवार सुबह गांव से दो किलोमीटर दूर नीम के पेड़ से लटकता मिला। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ व थाना प्रभारी ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बिवांर थानाक्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात तेली भोज का आयोजन किया गया था। इसी दौरान 10 वर्षीय बालिका अपनी मां के साथ कार्यक्रम में पहुंची थी। ग्रामीणों के अनुसार, गांव का युवक सतीश उर्फ आलोक प्रजापति बालिका को दूध देने के बहाने अपने घर ले गया और पशुबाड़े में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। देर रात पीड़िता की मां पुलिस को शिकायती पत्र दिया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म, अपहरण सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पूरी रात ग्रामीण व पुलिस आरोपी की तलाश में गांव और खेतों में घूमते रहे। सुबह ग्रामीणों को आरोपी का शव फंदे से लटकता मिला।


शनिवार रात बालिका से दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रविवार सुबह आरोपी का शव पेड़ से लटका मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और परिजनों व ग्रामीणों से भी पूछताछ जारी है। – राजकुमार पांडे, सीओ मौदहा।


अविवाहित था आरोपी

आरोपी अविवाहित था, परिवार में पिता के नाम लगभग दो बीघा जमीन है। वह गांव में ट्रैक्टर चलाकर जीवन यापन करता था और जरूरत पड़ने पर खेतिहर मजदूरी भी करता था। उसका बड़ा भाई भी अविवाहित है। ग्रामीणों के अनुसार पहले भी तीन बार दुष्कर्म की कोशिश कर चुका है।

आत्मग्लानि और कानून के भय से उठाया यह कदम

थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि सूचना पर घटना स्थल जाकर देखा गया तो आरोपी का शव नीम के पेड़ से नीले रंग की चादर से बंधा लटका मिला है। घटना की हर एंगल जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सारी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। प्रथम दृष्टया युवक ने आत्मग्लानि और कानून के भय से यह कदम उठाना प्रतीत होता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें