प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार झूठ का पुलिंदा। जनता के पैसे की लूट हो रही है। कमीशन के खेल में विधायक निधि का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। महंगाई की मार से जनता बेहाल है। भाजपा सरकार देश प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी जैसी है। प्रदेश की जनता ने अब भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।
महेवा ब्लॉक में रविवार को ग्राम रतनपुर में बने पार्क का लोकार्पण और अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यह बात सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कही। उनके साथ सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल भी मौजूद थे। सभा को पीडीए का शंखनाद बताते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री 24 घंटे बिजली देने की बात कर रहे हैं और लोगों को आठ घंटे भी नहीं मिल रही है। ऊपर से बिजली की दर भी बढ़ा दी गई है। किसानों को बीज-खाद व सिंचाई के लिए पानी भी नहीं मिल रहा है।
आज जो अधिकारी जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं सपा सरकार आने पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। जीएसटी के नाम पर बार-बार टैक्स लगाकर जनता को लूटा जा रहा है। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से हाथ उठवाकर 2027 में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प दिलाया। सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अघोषित इमरजेंसी है। भाजपा सरकार में बजट की लूट हो रही है, पेपर लीक हो रहे हैं, गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे पूर्व सपा विधायक राघवेंद्र सिंह गौतम ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर सपा सांसद जितेंद्र दोहरे, विधायक प्रदीप यादव, अशोक यादव, रामसेवक यादव, श्रीकृष्ण यादव, सपा जिलाध्यक्ष बबलू शाक्य, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष उदयभान सिंह यादव, जीतू ठाकुर, जिला सचिव राकेश यादव, अनिता दिवाकर, सुशांत वर्मा, जिला पंचायत सदस्य फरियाद भारती आदि मौजूद रहे।
