Tata Tiago vs Hyundai Grand i10 Nios: भारतीय बाजार में बजट हैचबैक कारों की मांग बढ़ रही है। पहली कार खरीदने वाले ग्राहकों से लेकर छोटी फैमिली तक, हर कोई ऐसार कार लेना चाहता है, जो कीमत में किफायती हो और फीचर्स से भरपूर हो। इसी सेगमेंट में टाटा टियागो और ह्ययूंदै ग्रैंड i10 निओस के बीच मुकाबला काफी तेज हो गया है। एक तरफ टियागो अपनी मजबूत सेफ्टी और वैल्यू फॉर मनी पैकेज के लिए जानी जाती है, तो दूसरी ओर ग्रैंड i10 निओस प्रीमियम केबिन और रिफाइंड ड्राइविंग अनुभव के दम पर खरीदारों को आकर्षित करती है।
कीमत: किसकी एंट्री ज्यादा किफायती?
- कीमत की बात करें, तो टाटा टियागो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 4.69 लाख से शुरू होती है, जबकि इसका CNG वेरिएंट लगभग 5.79 लाख से उपलब्ध है।
- वहीं ह्ययूंदै ग्रैंड i10 निओस की शुरुआती कीमत करीब 5.55 लाख है और इसका टॉप वेरिएंट करीब ₹8 लाख तक पहुंचता है। कीमत के लिहाज से टियागो ज्यादा किफायती विकल्प बनकर सामने आती है, जिससे बजट खरीदारों को सीधा फायदा मिलता है।

डिजाइन: स्पोर्टी लुक या प्रीमियम स्टाइल?
- कार लवर्स के लिए गाड़ी का लुक काफी मायने रखता है। 2026 टाटा टियागो काे नया और ज्यादा आधुनिक डिजाइन मिला है। नए हेडलैंप्स, अपडेटेड ग्रिल और बदले हुए रियर डिजाइन की वजह से यह पहले से ज्यादा आकर्षक दिखाई देती है। करीब 3767 मिमी लंबाई वाली यह कार कॉम्पैक्ट और युवा खरीदारों को पसंद आने वाला लुक देती है।
- वहीं, दूसरी तरफ ह्ययूंदै ग्रैंड i10 Nios की डिजाइन ज्यादा स्लीक और प्रीमियम नजर आती है। 3815 मिमी लंबाई के साथ इसकी रोड प्रेजेंस थोड़ी बेहतर महसूस होती है। यह उन ग्राहकों को ज्यादा पसंद आ सकती है जो सादगी के साथ प्रीमियम फील चाहते हैं।
केबिन और कम्फर्ट: किसमें मिलेगी बेहतर प्रीमियम फील?
- नई टियागो में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। इसमें नया डैशबोर्ड, डुअल-टोन इंटीरियर, 10.25 इंच टचस्क्रीन और फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है।
- हालांकि ह्ययूंदै ग्रैंड i10 निओस का केबिन अभी भी ज्यादा प्रीमियम महसूस होता है। इसकी सीटें आरामदायक हैं और केबिन का स्पेस भी थोड़ा बेहतर लगता है।
- दोनों कारों में रियर एसी वेंट्स और यूएसबी टाइप सी पोर्ट जैसी सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन फिनिश और मटेरियल क्वालिटी के मामले में Nios हल्की बढ़त हासिल करती है।
फीचर्स: टेक्नोलॉजी में कौन आगे?
- फीचर लिस्ट के मामले में टाटा टियागो ने इस पर काफी काम किया है। इसमें आपको 360 डिग्री कैमरा, वायरलेस Android Auto, वायरलेस Apple CarPlay, वायरलेस चार्जिंग और AMT वेरिएंट में पैडल शिफ्टर्स मिलते हैं।
- वहीं, ह्ययूंदै ग्रैंड i10 Nios में भी आधुनिक इंफोटेनमेंट सिस्टम, क्रूज कंट्रोल और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी मिलती है। फिर भी सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स और कम कीमत पर ज्यादा सुविधाओं की वजह से टियागो यहां थोड़ा आगे निकलती है।
सेफ्टी: किस पर ज्यादा भरोसा?
- सेफ्टी तो हर कार चालक और उसके परिवार की प्राथमिकता होती है। हालांकि टाटा टियागो मजबूत दावेदार साबित होती है। कार में स्टैंडर्ड 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ट्रैक्शन कंट्रोल और कई अन्य आधुनिक सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं।
- ह्ययूंदै ग्रैंड i10 Nios भी अच्छी सुरक्षा सुविधाएं देती है, लेकिन व्यापक सेफ्टी पैकेज के मामले में टियागो की पकड़ ज्यादा मजबूत मानी जा रही है। यही वजह है कि सेफ्टी को प्राथमिकता देने वाली फैमिलियों के लिए Tiago ज्यादा आकर्षक विकल्प बन सकती है।

दमदार परफॉर्मेंस के साथ बेहतर माइलेज का दावा
- टाटा टियागो में 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 85-86 PS तक की पावर जनरेट करता है। सीएनजी वेरिएंट में पावर थोड़ी कम हो जाती है, लेकिन फिर भी यह कार एक पंची और उत्साही ड्राइविंग अनुभव देने में सक्षम है। शहर की सड़कों से लेकर हाईवे तक टियागो का इंजन अच्छा रिस्पॉन्स देता है, जिससे ड्राइविंग ज्यादा मजेदार महसूस होती है।
- माइलेज की बात करें तो टियागो का पेट्रोल वेरिएंट लगभग 19-20 kmpl तक का माइलेज देने का दावा करता है, जबकि सीएनजी वेरिएंट 26+ km/kg तक की ईंधन दक्षता प्रदान करता है। ऐसे में जो ग्राहक बेहतर परफॉर्मेंस के साथ अच्छी फ्यूल एफिशिएंसी चाहते हैं, उनके लिए टियागो एक मजबूत विकल्प साबित हो सकती है।
स्मूद ड्राइव और शानदार सीएनजी एफिशिएंसी
- ह्ययूंदै ग्रैंड i10 निओस में भी 1.2 लीटर इंजन मिलता है, जो करीब 82 PS की पावर देता है। हालांकि पावर के मामले में यह टियागो से थोड़ा पीछे है, लेकिन इसका इंजन ज्यादा रिफाइंड और स्मूद माना जाता है। यही वजह है कि आरामदायक और शांत ड्राइविंग पसंद करने वाले ग्राहकों को निओस ज्यादा आकर्षित कर सकती है।
- माइलेज के मामले में निओस का पेट्रोल वेरिएंट लगभग 16-18 kmpl तक का माइलेज देता है। वहीं CNG वेरिएंट 27 km/kg तक की फ्यूल एफिशिएंसी के साथ मामूली बढ़त हासिल करता है। खासकर रोजाना ज्यादा दूरी तय करने वाले और ईंधन खर्च कम रखना चाहने वाले ग्राहकों के लिए Nios का CNG मॉडल एक अच्छा विकल्प बन सकता है।

किसे खरीदना रहेगा समझदारी?
अगर आपका फोकस कम कीमत, ज्यादा फीचर्स, मजबूत सेफ्टी और बेहतर वैल्यू फॉर मनी पर है, तो टियागों आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है। वहीं अगर आप प्रीमियम केबिन, बेहतर फिट-फिनिश और स्मूद ड्राइविंग अनुभव को प्राथमिकता देते हैं, तो Hyundai Grand i10 Nios आपकी पसंद बन सकती है।
