केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शनिवार रात 10वीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। छात्र-छात्राओं को पहली परीक्षा में आए नंबरों के मुकाबले इस बार और बेहतर नंबर मिले हैं। कई विषयों में पूरे के पूरे नंबर हासिल हुए हैं। दूसरी बोर्ड परीक्षा का आयोजन 15 से 21 मई के बीच हुआ था।
शहर के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों में इस बार कई छात्रों ने अपने पहले परिणाम की तुलना में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।परिणाम जैसे ही जारी हुआ उसे देखकर छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। परीक्षा में शामिल हुए छात्रों को अपने अंकों में सुधार का मौका मिला। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ‘बेस्ट ऑफ टू’ नीति के तहत छात्रों को दोनों परीक्षाओं में से बेहतर अंक चुनने का लाभ मिला, जिससे रिजल्ट में सुधार हुआ है। सीबीएसई ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार भी परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर पर जारी किया। इससे छात्रों को बिना किसी परेशानी के तुरंत अपनी मार्कशीट प्राप्त हुई।
