हैलो पुलिस… जल्दी आओ हमारी बहन को चाची हीटर से जला रही है…। गुरुवार शाम 5:25 बजे यूपी 112 पर जैसे ही 14 वर्षीय किशोर की शिकायत भरी यह कॉल आई। पीआरवी का स्टाफ तुरंत महाराजपुर स्थित गांव पहुंचा। यहां किशोर के साथ उसके 11 व चार वर्षीय दो भाई और नौ साल की बहन मौजूद थी। बच्चों ने घाव दिखाकर आरोप लगाए कि चाची खाना मांगने पर बुरी तरह से पीटती हैं।

गांव पहुंचते ही पीआरवी स्टाफ अमरदीप और सुमित कुमार सिंह को बच्चों ने बताया कि मम्मी पापा मर गए हैं। चाचा-चाची के साथ रहते हैं। खाना भी समय पर नहीं मिलता है। मांगने पर मार पड़ती है। सभी के पीठ, हाथ, हथेली, जांघ, सिर व अन्य हिस्सों में चोटों के निशान थे। पुलिस को देखकर ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने भी बच्चों के आरोपों को सही बताया। कहा कि बच्चे चाचा-चाची की शिकायतें करते हैं लेकिन लड़ाई झगड़े के डर से कोई विरोध करने की हिम्मत नहीं कर पाता है।

पुलिसकर्मियों ने यह सुनने के बाद चाची को बुलाया और बच्चों के आरोपों के बारे में पूछा। चाची ने कहा कि बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं। उन्होंने दुकान से चोरी की थी जिसके लिए उनकी पिटाई की गई। पुलिसकर्मियों ने महिला को डपटते हुए सख्त हिदायत दी। कहा कि जेल चली जाओगी। जालिम हो, कोई बच्चों को इस तरह से मारता है। बच्चों को भूखा जानकर दोनों पुलिसकर्मी दुकान गए। वहां से खाने पीने की वस्तुएं और राशन लेकर बच्चों को दिया। पुलिसकर्मियों ने घटना की जानकारी थाने में दी। देर शाम महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने बच्चों और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। उन्होंने भी बच्चों को प्यार और दुलार से रखने की नसीहत दी।


महाराजपुर के एक गांव में बच्चों के साथ मारपीट किए जाने की सूचना आई थी। थाना प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं। यूपी 112 की टीम भी मौके पर गई थी। दोबारा शिकायत आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। – सत्यजीत गुप्ता, डीसीपी पूर्वी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *