आगरा के तहसील फतेहाबाद स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर शुक्रवार को ससुराल की करोड़ों रुपये की जमीन बेचने के लिए दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। करीब आधे घंटे तक तहसील परिसर में हंगामा होता रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिला फिरोजाबाद थाना टूंडला क्षेत्र के गांव नगला केशो निवासी लाखन सिंह ने बताया कि थाना डौकी क्षेत्र के गांव नगला कांस में उसकी और उसके छोटे भाई खेतपाल की एक ही परिवार में ससुराल है। सास राधा देवी का कोई पुत्र नहीं था। उनका इलाज कराने और सालियों की शादी में खर्च करने के कारण सास ने अपनी छह बीघा जमीन उसके नाम कर दी थी, जबकि शेष चार बीघा जमीन तीन लोगों के नाम कर दी थी। वर्ष 2020 में राधा देवी का निधन हो गया।
लाखन सिंह के अनुसार, वह शुक्रवार को अपने हिस्से की जमीन की रजिस्ट्री कराने तहसील फतेहाबाद पहुंचा। उसका छोटा भाई खेतपाल भी अपने पुत्रों के साथ वहां पहुंच गया और जमीन में हिस्सा मांगने लगा। विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई, जिससे तहसील परिसर में करीब आधा घंटे तक अफरातफरी मची रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खेतपाल पुत्र लीलाधर, जोगेंद्र, धनपाल पुत्र खेतपाल तथा वीरेंद्र पुत्र धीमान को गिरफ्तार कर थाने ले आयी। चारों का शांति भंग में चालान कर दिया।
