भारतीय फुटबॉल में लंबे समय तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले जिले के पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित मुश्ताक अली स्पोर्ट्समैन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (एसओएम) सम्मान की दौड़ में शामिल हैं। उन्होंने इस सम्मान के लिए अपना नामांकन किया है और खेल जगत से जुड़े लोगों, शुभचिंतकों व समर्थकों से समर्थन की अपील की है।


मुश्ताक अली भारतीय फुटबॉल के कई प्रतिष्ठित क्लबों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके खेल कॅरिअर में मोहन बागान, ईस्ट बंगाल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और वेस्टर्न रेलवे जैसे प्रमुख क्लब शामिल रहे हैं। उन्होंने 10 बार संतोष ट्रॉफी सीनियर राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। चार अलग-अलग टीमों से खेलने का अवसर मिला। उत्तर प्रदेश की ओर से उन्होंने तीन बार, महाराष्ट्र (डब्ल्यूआईएफए) की ओर से दो बार, भारतीय रेलवे की ओर से दो बार और पश्चिम बंगाल की ओर से तीन बार संतोष ट्रॉफी में प्रतिनिधित्व किया। भारत पेट्रोलियम से सेवानिवृत्त होने के बाद मुश्ताक अली अब भारतीय फुटबॉल के विकास और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए योगदान देना चाहते हैं। उनका कहना है कि स्पोर्ट्समैन ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट सम्मान उनके लिए महत्वपूर्ण है। इससे खेल के प्रति उनके योगदान को नई दिशा देने और फुटबॉल के विकास के लिए काम करने की प्रेरणा मिलेगी।



Source link