जौनपुर में बदलापुर पुलिस ने गैर इरादातन हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश में आरोपियों ने नीरज सिंह को लात-मुक्कों और ईंट से पीटा था। गंभीर रूप से घायल नीरज की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
.
पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 7 बजे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि घटना को लेकर ध्रुवराज सिंह ने बदलापुर थाने में केस दर्ज कराया था। भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2) और 105 के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही थी।
जांच के मुताबिक, नीरज सिंह अपने साथियों के साथ खाना खाने और घर लौटने के लिए निकले थे। इसी दौरान सरोखनपुर अंडरपास के पास उनका आरोपियों से सामना हुआ। वहां विवाद के बाद आरोपियों ने नीरज को पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बनाई थी। मुखबिर की सूचना पर शाहपुर पीली नदी पुल के पास मंदिर के सामने से तीनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज कुमार यादव (34), राजेश उर्फ मोनू यादव (37), निवासी मछलीगांव, और आशुतोष पांडेय उर्फ मनतोष पांडेय (41) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों जौनपुर जिले के निवासी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
