गहमर (गाजीपुर)। पीडीडीयू-बक्सर रेलखंड पर बृहस्पतिवार की शाम आनंद विहार टर्मिनल से पटना जा रही पटना स्पेशल ट्रेन की कपलिंग करहिया और भदौरा रेलवे स्टेशन के बीच देवकली गांव के पास टूट गई। रेलवे फाटक संख्या 83/सी के नजदीक ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चंद्रा ने बताया कि घटना अपराह्न करीब 3:55 बजे भदौरा और करहिया रेलवे स्टेशन के बीच हुई। ट्रेन संख्या 03294 डाउन बृहस्पतिवार की शाम 3:52 बजे भदौरा रेलवे स्टेशन से आगे रवाना हुई थी। करीब तीन मिनट बाद 3:55 बजे करहिया-भदौरा के बीच अचानक कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

कपलिंग टूटने के कारण डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ। ट्रेन करीब 35 मिनट तक खड़ी रही। रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कपलिंग को जोड़ने का काम किया। इसके बाद ट्रेन का परिचालन सुचारु रूप से शुरू करा दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। स्टेशन मास्टर सचिंद्र कुमार सिंह ने बताया कि डाउन ट्रैक पर ट्रेन नहीं होने के कारण, अन्य ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। कपलिंग जोड़ने के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।



Source link

अभी अभी की खबरें