इंद्रा बंसल स्मृति तृतीय उत्तर प्रदेश राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को एकलव्य इंडोर स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता स्टैग ग्लोबल के सहयोग से आगरा जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में तथा उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के निर्देशन में आयोजित की जा रही है। पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। युवा बालिका वर्ग के तीसरे दौर में आगरा की पहल गुप्ता ने गौतम बुद्ध नगर की सारा ढींगरा को 8-11, 11-5, 8-11, 11-9, 11-7 से पराजित किया। अंकिशा मिश्रा ने लखनऊ की स्वाति चंद्रा को 12-14, 14-12, 12-10, 11-8 से हराया। सुहानी अग्रवाल ने गौतम बुद्ध नगर की श्रेया कुकरेती को 11-5, 11-9, 14-16, 9-11, 11-6 से शिकस्त दी। अन्य मुकाबलों में लखनऊ की साक्षी तिवारी, गौतम बुद्ध नगर की आयुषी सिंघल, वाराणसी की अनौखी केशरी, गाजियाबाद की अवनी त्रिपाठी और याशिका तिवारी ने जीत दर्ज की। युवा बालक वर्ग के दूसरे दौर में आगरा के केशव खंडेलवाल ने मिर्जापुर के सुशांत सिंह को 11-7, 11-7, 11-8 से हराया। ऋषभ विश्वकर्मा ने मुरादाबाद के विख्यात कात्याल को 7-11, 11-8, 11-5, 11-13, 11-2 से पराजित किया। वहीं गौतम बुद्ध नगर के गर्व सिंघला, मनीत भट्ट, प्रयागराज के अथर्व श्रीवास्तव, कानपुर के आशुतोष गुप्ता, लखनऊ के शौर्य गोयल और गाजियाबाद के अरव राठी ने अपने-अपने मुकाबले जीते। महिला वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहल गुप्ता ने प्रयागराज की शालिनी देवी को 11-5, 11-4, 9-11, 11-6 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। आरती चौधरी, अवनी त्रिपाठी, दिशा, अनिका गुप्ता, एलिना मिश्रा, गुंगुन साहू और समृद्धि शर्मा ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अरुण डंग, प्रबंध निदेशक, ग्रैंड होटल ने किया। इस दौरान जिला संघ की सचिव डॉ. अलका शर्मा, उपाध्यक्ष सजल गुप्ता, प्रशिक्षक जुनैद सलीम और मनोज कुमार मौजूद रहे।
