फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में सोमवार दोपहर स्मार्ट मीटर के बढ़ते बिजली बिलों को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने घर में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़े और वाजिदपुर चौराहे पर पहुंच गईं। आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर मीटर रखकर जाम लगा दिया। महिलाओं के सड़क पर आकर प्रदर्शन करने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पहुंची डौकी पुलिस समझाकर महिलाओं को शांत कराया।
करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामे के बाद महिलाओं को पुलिस ने समझाकर प्राथमिक विद्यालय वाजिदपुर भेजा, जहां बिजली विभाग के अधिकारियों ने शिविर लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। महिलाओं ने बताया कि स्मार्ट मीटर से करीब चार गुना अधिक बिल आ रहा है, इसलिए इन स्मार्ट मीटरों को उखाड़ दिया जाए। बिजली विभाग के अधिकारियों ने सुधार का आश्वासन दिया। एसडीओ फतेहाबाद गौरव राजपूत से बात करने पर बताया कि वाजिदपुर में एक ही मोहल्ले के लगभग 30 उपभोक्ताओं ने मीटर उखाड़े गए हैं। जिन लोगों ने मीटर उखाड़ कर तोड़ दिए गए हैं उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। जिन लोगों के मीटर सही है, उनको दोबारा से सील करके लगाया जाएगा।
जरार की महिलाओं का बाह बिजली घर पर प्रदर्शन
बाह। स्मार्ट मीटर के विरोध में सोमवार को जरार के टंकी मोहल्ले की महिलाएं बाह बिजली घर स्थित अधिशाषी अभियंता के कार्यालय पर पहुंची। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर से ज्यादा बिल आने और बिजली कटने की शिकायत की। महिलाओं ने बताया कि स्मार्ट मीटर से ज्यादा बिल आ रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर की जगह पर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग की।
कुबेरपुर बिजलीघर पर ग्रामीणों का हंगामा
कुबेरपुर। क्षेत्र के भागूपुर गांव की ग्रामीण, महिलाओं ने सोमवार को कुबेरपुर बिजलीघर पर हंगामा किया। स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने, रिचार्ज के बाद भी बिजली कट जाने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर उपखंड अधिकारी प्रमोद कुमार और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। महिलाओं का कहना है कि उन्हें प्रीपेड मीटर नहीं, बल्कि पोस्टपेड मीटर चाहिए। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस व विद्युत अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत कराया गया। ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को सौंपा। उपखंड अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि समस्याओं का समाधान उच्च अधिकारियों से वार्ता कर किया जाएगा।
