-सीओ ने बताया कि संचालक को हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ
संवाद न्यूज़ एजेंसी
इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में संचालित एक स्पा सेंटर में पुलिस ने जब औचक छापेमारी की तो यहां हड़कंप मच गया। यहां से पुलिस ने तीन युवतियों समेत छह को हिरासत में लिया था। इसमें बरामद तीनों युवतियां प्रतापगढ़, मिर्जापुर व सोनभद्र की रहने वाली है। पुलिस की जांच में आने वाले लोगों के रिकॉर्ड व अनैतिक गतिविधियां की पुष्टि होने पर सेंटर को सील कर दिया गया है। साथ ही संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि स्पा सेंटर की अनैतिक गतिविधियों के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। मंगलवार देर शाम पैदल गश्त के दौरान इसकी जांच की गई तो यहां कई गड़बड़ियां मिली हैं। उन्होंने बताया कि स्पा सेंटर का पंजीकरण श्रम विभाग कानपुर से पाया गया है, स्थानीय स्तर पर यहां के अधिकारियों को इसकी कोई सूचना नहीं थी। इसके अलावा स्पा सेंटर में आने-जाने वाले लोगों को कुछ रिकॉर्ड नहीं दर्ज मिला है। सीओ सिटी ने स्पा सेंटर चलाने के नियमों के बारे में श्रम विभाग समेत अन्य अधिकारियों को पत्र लिखा है। इससे पता चल सके कि सेंटर को चलाने में क्या-क्या नियम जरूरी होते हैं। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरामद गई गईं प्रतापगढ़, मिर्जापुर व सोनभद्र की युवतियों को मकान मालिक ने कमरा दे रहा था। फिलहाल उन्हें वहीं रखा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन माह पहले स्पा सेंटर में केन्या की मिली थी युवती
शहर के स्पा सेंटर पहले ही बदनाम हो चुके हैं। सिविल लाइंस पुलिस ने 22 फरवरी को कानपुर युवती की सूचना पर शास्त्री चौराहा तिकोनिया माल गोदाम सड़क पर स्थित स्पा सेंटर में औचक छापेमारी की थी। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में पुलिस ने स्पा सेंटर के मैनेजर विशाल मिश्रा निवासी सीतापुर) को गिरफ्तार किया था। पुलिस की छापेमारी के दौरान यहां तीन युवतियां समेत कई पुरुष पकड़े गए थे। पुलिस की जांच में केन्या की एक व दो बरेली युवतियां पकड़ी गई थी। केन्या की युवती बिना वैध प्रपत्र के भारत आई थी। बता दें कि कानपुर की रहने वाली एक युवती (जो वहां मसाज कर्मी थी) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया और वहां उस पर गलत काम करने के लिए दबाव बनाया गया था। इसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की थी। जांच में स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या रजिस्ट्रेशन नहीं पाए गए थे, जिसके बाद इसे सील कर दिया गया था।
शहर में संचालित स्पा सेंटरों की होगी गहनता से जांच
सीओ सिटी अभय नारायण ने बताया कि शहर में कई स्पा सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन स्पा सेंटरों में लगातार अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें आ रही हैं। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के आदेश पर शहर के स्पा सेंटरों की नए सिरे से पड़ताल की जाएगी। साथ ही यहां काम करने वाली महिलाओं के बारे में पूछताछ की जाएगी। साथ ही इनके पंजीकरण समेत अन्य प्रपत्र चेक किए जाएंगे। अगर मानक अनुरूप स्पा सेंटर चलते न मिलने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
