आगरा में स्कूल की छुट्टी के बाद कमला नगर क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ने वाले नौवीं के दो छात्र घर नहीं लौटे। वे बृहस्पतिवार से लापता हैं। पुलिस की जांच में दोनों ई-रिक्शा से जाते दिखे। आखिरी बार वह कैंट स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में नजर आए हैं। पुलिस दोनों की गुमशुदगी दर्ज की है। वहीं परिजन आशंका जता रहे हैं कि दोनों बच्चे सोशल मीडिया पर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से संबंधित वीडियो देख रहे थे। उन्हें आशंका है कि बच्चे दिल्ली चले गए हैं।


एक बच्चे के पिता एत्माद्दौला क्षेत्र में रहते और कंपनी संचालित करते हैं। वह ऑफिसों और अस्पतालों की सफाई व्यवस्था का ठेका भी लेते हैं। उनका 14 साल का बेटा कक्षा नौ का छात्र है। दूसरे बच्चे के पिता कमलानगर क्षेत्र में बिजली का काम करते हैं। दोनों के परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां दोनों के छुट्टी के बाद स्कूल से जाने की जानकारी मिली है।

परिजन ने कमलानगर थाने में तहरीर दी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की जांच की। दोनों पहले ई-रिक्शा से नेहरू नगर तक जाते दिखे। इसके बाद एमजी रोड होते हुए कैंट स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में 3:20 बजे तक दोनों दिखाई दिए हैं।पुलिस ने दिल्ली रूट के हर स्टेशन पर बच्चों की फोटो भेजी है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि दोनों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज कर टीमें जांच कर रही हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *