सोशल मीडिया पर भौकाल बनाने के चक्कर में भाई की शादी में लाइसेंसी पिस्टल से पांच राउंड हर्ष फायरिंग करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने फायरिंग का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर रील के रूप में अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर लिया है।
हाइलाइट्स
- भाई की शादी में लाइसेंसी पिस्टल से 5 राउंड हर्ष फायरिंग, रील बनाकर इंस्टा पर डाली
- वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने लिया संज्ञान, पिता-पुत्र पर दर्ज हुआ मुकदमा
- पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को किया जब्त

मामला फतेहाबाद के गढ़ी दरियाब गांव का है। वायरल 25 सेकेंड के वीडियो में ऋषभ गुर्जर एक के बाद एक पांच राउंड फायरिंग करता नजर आ रहा है। उसके आसपास कुछ लोग डांस कर रहे हैं, जबकि पीछे बैठा एक बुजुर्ग गोली चलने की आवाज सुनकर वहां से उठकर चला जाता है। वीडियो 20 नवंबर का बताया जा रहा है। उस दिन ऋषभ के भाई धर्मवीर उर्फ मनु की शादी की रस्में चल रही थीं।
पिता की लाइसेंसी पिस्टल से की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी सुनील सिंह के नाम पर 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल है। आरोप है कि शादी समारोह के दौरान उनके दूसरे बेटे ऋषभ ने इसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद थाना फतेहाबाद के एसआई ज्वाला प्रसाद ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कराया।
पिस्टल जब्त
पुलिस ने लाइसेंस धारक सुनील सिंह और उनके बेटे ऋषभ के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि हर्ष फायरिंग प्रतिबंधित है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। मामले में पिस्टल जब्त कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

