फोटो 55::::पत्रकारों से वार्ता करते शिवपाल सिंह यादव।
– कथा समारोह में पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव ने पत्रकार वार्ता में बोले- बैठक बुलाकर मैंने ही रखा था प्रस्ताव
– कहा, अखिलेश के विजन से लोहिया ट्रस्ट और पार्टी दोनों मजबूत होंगे, बोले- भाजपा के पेट में क्यों दर्द हो रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। मैंने ही बैठक बुलाकर लोहिया ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाने के लिए अखिलेश का प्रस्ताव रखा था। बैठक में आम सहमति से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोहिया ट्रस्ट के अध्यक्ष चुने गए। यह दावा बुधवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए किया।
महेराचुंगी के पास स्थित प्रकाश नगर के एक मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जैसा आधुनिक विकास का दृष्टिकोण उत्तर प्रदेश के किसी मुख्यमंत्री में नहीं रहा। उनका उद्देश्य लोहिया के विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में लोहिया ट्रस्ट का विकास होगा। इससे पार्टी भी मजबूत होगी। यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि उनके पेट में क्यों दर्द हो रहा है।
शिवपाल सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन से पूरे प्रदेश में लूट बढ़ी है। यादव ने दावा किया कि सपा 2027 में सरकार बनाएगी। उन्होंने यूपीआई भुगतान पर शुल्क को लेकर भी भाजपा सरकार की आलोचना की। माता प्रसाद पांडेय और संजय निषाद से मुलाकात पर उन्होंने बताया कि वे उनकी तबीयत देखने गए थे। अखिलेश यादव भी उनसे मिलने गए थे।
