जानकारी देते हुए एसपी कमलदीप गोयल।
यमुनानगर से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन चालकों को शुक्रवार को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कलानौर बॉर्डर से उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाला मार्ग 27 नवंबर शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक भारी वाहनों के लिए बंद रहेगा।
.
इस संबंध में जिला पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर यह एडवाइजरी जारी की गई है। निर्माण कार्य के दौरान कलानौर बॉर्डर से उत्तर प्रदेश की तरफ जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। ऐसे में कुरुक्षेत्र और अंबाला की ओर से सहारनपुर जाने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना होगा।
दो रास्तों से निकाले जाएंगे भारी वाहन
पुलिस के अनुसार, कुरुक्षेत्र और अंबाला की तरफ से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जाने वाले भारी वाहनों को थाना छप्पर से तलाकौर, बिलासपुर, छछरौली और पोंटा साहिब होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर भेजा जाएगा। वहीं, कैल बाईपास की तरफ से आने वाले भारी वाहन कचरा प्लांट जगाधरी से छछरौली और प्रतापनगर होते हुए पोंटा साहिब के रास्ते उत्तर प्रदेश पहुंच सकेंगे।
बंद रास्ते की तरफ न जाएं वाहन चालक
एसपी कमलदीप गोयल ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें और बंद रास्ते की तरफ जाने से बचें। उन्होंने यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि पुल निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
