मदरसे में पदाधिकारी बने दो सरकारी शिक्षक निलंबित।
कुशीनगर में सरकारी शिक्षक रहते हुए मदरसे में प्रबंधक और नाजिम का पद संभालने के आरोप में बेसिक शिक्षा विभाग ने दो सहायक अध्यापकों को निलंबित किया है। विभाग ने जांच के लिए टीम बनाई है।
.
दोनों शिक्षक एक ही विकासखंड के अलग-अलग परिषदीय जूनियर हाईस्कूलों में तैनात हैं। मामला विशुनपुरा विकासखंड के सोहरौना गांव स्थित अजुमन इस्लामिया मकतब का है।
सोहरौना निवासी मोहम्मद आरिफ ने 6 अक्टूबर 2026 को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी।
जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक
शिकायत के मुताबिक, मकतब के नाजिम मकसूद आलम पडरौना ब्लॉक के जंगल गायघाट स्थित जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक हैं। मकतब के प्रबंधक फैसल हुसैन इसी ब्लॉक के जंगल खिरकिया स्थित जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक हैं।
शिकायत में कहा गया कि दोनों शिक्षक सरकारी पद पर रहते हुए मकतब के सदस्य और पदाधिकारी भी बने हुए हैं। मकतब का पंजीकरण नंबर जी-23666 है।
शिकायतकर्ता ने उत्तर प्रदेश अशासकीय अरबी-फारसी मदरसा मान्यता, प्रशासन एवं सेवा विनियमावली-2016 के नियमों का हवाला देते हुए दोनों को पद से हटाने और संस्था की मान्यता रद्द करने की मांग की थी।
13 अक्टूबर को अपना पक्ष रखने को कहा
शिकायत के बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरत लाल गौड़ ने 8 अक्टूबर को संबंधित पक्षों को नोटिस दिया। नोटिस में शिकायत से जुड़े साक्ष्य और दस्तावेजों के साथ 13 अक्टूबर को अपना पक्ष रखने को कहा गया था।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने दोनों सहायक अध्यापकों को निलंबित कर नोटिस जारी किया है। जांच के लिए बीईओ पडरौना नगर सूरज कुमार और बीईओ रामकोला डॉ. प्रभाव चंद्र राय को अधिकारी बनाया गया है। दोनों से जवाब और जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई
बीएसए डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामला सामने आने के बाद दोनों शिक्षकों को निलंबित किया गया है। जांच कमेटी से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
