संवाद सूत्र, (परतावल) महराजगंज। बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। रविवार सुबह करीब पांच बजे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह एक सप्ताह पूर्व ही दीपावली पर छुट्टी लेकर घर आए थे। मृत्यु की खबर मिलते ही स्वजन की चीख-पुकार मच गई।

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के मलमलिया उर्फ सिरसिया निवासी 45 वर्षीय शिवधर यादव ओमान में रहकर फर्नीचर का काम करते थे। शनिवार को वह नगर पंचायत के धनगड़ा में रिश्तेदारी में गए थे। इसके बाद शाम करीब 4:30 बजे घर लौटे रहे थे। इसी दौरान धनगड़ा और देवीपुर के बीच नहर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सक डा. अनिल कुमार जायसवाल ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। लेकिन स्वजन उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां रविवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई।

हादसे से पत्नी संध्या यादव, बेटे शिवम और तीन बेटियों अनामिका, दिव्या व मोनिका रो-रोकर बेसुध हैं। चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पिता की मृत्यु से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में दीपावली की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।



Source link