वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल होने, टूटे नाले, जलभराव और खराब पड़ी सड़कों की समस्या पर पार्षदों का दर्द फूट पड़ा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने भाजपा पार्षदों संग कार्यकारिणी कक्ष में संवाद किया, जिसमें पार्षदों ने अपने क्षेत्र में निर्माण कार्य न होने, नालों की दुुर्दशा, जलभराव और सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतों के अंबार लगा दिए। नगर आयुक्त ने पार्षदों की समस्याओं पर हर वार्ड में दस-दस सफाई कर्मचारी सोमवार तक पहुंचाने और नालों की मरम्मत का काम शुरू कराने पर सहमति जताई।

मंगलवार को 29 भाजपा पार्षदों ने वरिष्ठ पार्षद रवि बिहारी माथुर की अगुवाई में नगर आयुक्त से नगर निगम कार्यकारिणी हाल में मुलाकात की। पार्षद रवि माथुर ने कहा कि दो साल से हर वार्ड में 10-10 सफाई कर्मचारियों की तैनाती का वादा किया जा रहा है लेकिन तैनाती की नहीं जा रही। कर्मचारी कहां है, इसका पता नहीं चल रहा। इसी तरह नामनेर के पार्षद मंगल सिंह ने कहा कि बसपा पार्षदों के क्षेत्र में 7-7 फाइलें विकास कार्यों की स्वीकृत हुई हैं, लेकिन भाजपा पार्षदों के क्षेत्रों में एक भी निर्माण कार्य नहीं कराया गया।

उनकी 18 फाइलें दो साल से जस की तस रखी हैं। कई खो भी गईं। पार्षदों ने अपने क्षेत्र के सेनेटरी इंस्पेक्टर और सफाई नायकों की शिकायतें की, जिस पर नगर आयुक्त ने कहा कि कई इंस्पेक्टरों और सफाई नायकों के तबादले किए जा रहे हैं। पार्षदों के साथ समन्वय जरूरी है। वहीं सोमवार तक सभी वार्डों में 10-10 सफाई कर्मचारी भेज दिए जाएंगे।

हर 10 वार्ड पर एक नोडल अधिकारी

नगर आयुक्त ने पार्षदों से कहा कि उनकी समस्याओं की सुनवाई के लिए हर 10 वार्ड पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा जो हर सप्ताह उनके साथ बैठक करेंगे। इसी में सफाई, जलभराव, नाले, सुपरवाइजर से समन्वय आदि की शिकायतें कर सकेंगे। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक ही वह काम करेंगे। निर्माण और जलभराव से संबंधित एक लाख रुपये तक की लागत वाले सभी कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। 200 कार्यों में से 70 के लिए वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है, जबकि बाकी दूसरी बार टेंडर किए गए हैं। जैसे-जैसे टेंडर प्रक्रिया पूरी होती जाएगी, वैसे-वैसे शेष विकास कार्य भी शुरू करा दिए जाएंगे।

जलभराव से निपटना पहली प्राथमिकता

भाजपा पार्षदों ने जलभराव होने और नालों के टूटे होने की शिकायतें की। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि जलभराव से निपटना उनकी पहली प्राथमिकता है, इसीलिए हर वार्ड में दो-दो काम तत्काल स्वीकृत किए हैं। पार्षद मुरारी लाल गोयल ने सावन में परिक्रमा मार्ग की मरम्मत, सफाई, पैचवर्क और स्ट्रीट लाइट की समस्या उठाई, जिस पर कहा गया कि सावन शुरू होने से पहले ही निर्माण विभाग पैचवर्क कराएगा। इस दौरान राकेश जैन, शरद चौहान, प्रदीप अग्रवाल, मीनाक्षी वर्मा, भरत शर्मा, दीपक वर्मा, प्रेम दास, मधु माहौर, रेनू गुप्ता, फूल प्यारी आदि मौजूद रहे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *