यूपी के अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे एसी स्लीपर बस टाइल्स लदे ट्रेलर के साइड में जा घुसी। हादसे में चार बस यात्रियों की मौत हो गई। जबकि, तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। छह अन्य को मामूली चोटें आईं हैं। हादसा बस चालक को झपकी आने के कारण जैतपुर क्षेत्र में अंबरपुर टोल प्लाजा के पास हुआ। 

बिहार के तेगरा एक्सप्रेस की एसी-स्लीपर बस बृहस्पतिवार शाम करीब 5.00 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट से बिहार के दरभंगा के लिए निकली थी। बस में 43 यात्री सवार थे। सभी बिहार के मुजफ्फरनगर, दरभंगा, पिपरा कोठी के अलावा यूपी के कुशीनगर जा रहे थे। 

सुबह हुए हादसे में बिहार के वैशाली निवासी सचिन कुमार (28), दरभंगा निवासी नौशाद (36), कुशीनगर के आजादनगर हाटा निवासी परवेज अंसारी (34), नेपाल के जनकपुर निवासी सत्यम झा (25) की मौके पर ही मौत हो गई। एएसपी पूर्वी, डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को जानकारी दी गई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल बस और ट्रेलर के चालकों की तलाश की जा रही है।

100 मीटर दूर तक छिटककर फैले शव

वाहनों की टक्कर इतनी तेज थी कि शव और घायल एक्सप्रेसवे पर करीब 100 मीटर दूर तक छिटककर फैल गए। करीब तीन घंटे तक एक्सप्रेसवे के एक लेन पर आवागमन बाधित रहा। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गईं। दुर्घटना के बाद बस और ट्रेलर के चालक वाहन छोड़ भाग गए। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *