आगरा के फतेहाबाद में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने फिरोजाबाद चौराहे पर खड़ी दूध की पिकअप मैक्स में टक्कर मार दी। पिकअप ट्रेलर में फंस गई। चालक उसे करीब तीन किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान ट्रेलर ने एचएस हास्पिटल के सामने खड़ी एंबुलेंस और फिर सवारियों से भरे ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक खरगपुरा निवासी जितेंद्र की दूध की पिकअप मैक्स शुक्रवार शाम करीब सात बजे फतेहाबाद फिरोजाबाद मार्ग स्थित फिरोजाबाद चौराहे पर सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसमें टक्कर मार दी। पिकअप ट्रेलर में फंस गई और चालक उसे घसीटता हुआ आगे ले गया। एचएस हास्पिटल के सामने ट्रेलर ने खड़ी एंबुलेंस में टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई।

इसके बाद ट्रेलर ने फिरोजाबाद जा रहे ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो चालक रामलक्षिन पुत्र गीतम सिंह निवासी छारबाग,एके टॉकीज थाना लाइनपार, फिरोजाबाद तथा ऑटो में सवार एसान पुत्र सम्मू और साहिल पुत्र एजाज निवासी नूर नगर, थाना रामगढ़, फिरोजाबाद घायल हो गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने वाहनों से ट्रेलर का पीछा किया और चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। नगला लोहिया के पास टोल प्लाजा के 27 नंबर कट पर पिकअप डिवाइडर से टकराकर फंस गई। इसके बाद ट्रेलर चालक टोल प्लाजा का बूम तोड़कर एक्सप्रेसवे पर चढ़ गया और लखनऊ की ओर भाग गया। ट्रेलर में फंसी पिकअप से सड़क पर चिंगारियां निकलती रहीं। गनीमत रही कि इस दौरान कई वाहन और ग्रामीण बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। 

एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद से बात करने पर बताया कि एक ट्रेलर दूध की मैक्स को घसीटते हुए ले गया है, जिसमें टेंपो तो अन्य वाहन चपेट में आए थे। कुछ लोग घायल हो गए। ट्रेलर बूम तोड़कर एक्सप्रेसवे पर चढ़ गया है, जो लखनऊ की तरफ जा रहा है। नंबर मिल गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें