- चार वर्षीय यशपाल की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम, चालक कार छोड़कर फरार
रामपुरा (जालौन)। नगर में गुरुवार सुबह घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय मासूम की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अनुराग पाल का चार वर्षीय बेटा यशपाल सघन सहकारी समिति के पास स्थित अपने किराये के मकान के बाहर फुटपाथ पर खेल रहा था। इसी दौरान समिति की ओर से रानी के तालाब की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार (यूपी-92 वी-5011) ने उसे कुचल दिया। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके मुंह व नाक से खून बहने लगा।
परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता अनुराग पाल मूल रूप से ग्राम जमालपुरा के निवासी हैं और वर्तमान में रामपुरा में किराये के मकान में रह रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि कार सम्मन सोनी चला रहा था। हादसे के बाद वह कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। मासूम की मौत से मां संगीता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
