त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर शासन से मिली डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची के सत्यापन के बाद जिले में करीब 37 हजार वोटर बढ़ गए हैं। मतदाता पुनरीक्षण से पहले जिले की पंचायतों में 14.73 लाख वोटर थे। अब इनकी संख्या 15.10 लाख हो गई है।
मतदाताओं की फाइनल सूची 22 अप्रैल को जारी की जाएगी। जिले में पंचायत चुनाव से जुड़े वोटरों की सूची की एआई से जांच कराई गई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने दो चरणों में डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सत्यापन के लिए जिला प्रशासन को भेजी थी।
पहले चरण में आयोग ने 2.35 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी थी। जांच के बाद पहले चरण में करीब 71 हजार डुप्लीकेट मतदाता पाए गए। सभी लोगों के नाम सूची से हटाए गए। दूसरे चरण आयोग ने 4.66 लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजी थी।
इस सूची का बीएलओ ने सत्यापन किया। दूसरी सूची में 53 हजार से अधिक मतदाता डुप्लीकेट पाए गए। दोनों चरणों में 1.24 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे। सत्यापन के दौरान मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। सूची से नाम हटाने और नए नाम जोड़ने के बाद पंचायतों में मतदाताओं की संख्या करीब 15.10 लाख हो गई है।
जो मतदाता पुनरीक्षण से पहले की संख्या से करीब 37 हजार अधिक हो गई है। पहले जिले की पंचायतों में 14.73 लाख वोटर थे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गाैतम ने बताया कि फाइनल सूची 22 अप्रैल को जारी की जाएगी।
